जल निकासी गंभीर समस्या प्रतिनिधि बने मौन

भलुअनी।बांसगांव संदेश। देवरिया सदर विकासखंड स्थित बाबू बभनी गांव के पचौहा टोला में जलनिकासी की गंभीर समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने सोमवार को चंदा एकत्र कर अस्थायी नाली बनाने का प्रयास किया। हालांकि, इस दौरान विवाद उत्पन्न हो गया, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। लगभग एक हजार की आबादी वाले पचौहा टोला में वर्षों से समुचित नाली का निर्माण नहीं हो सका है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी आसपास ही जमा होता रहता है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। तर्क था कि पोखरे की ओर नाली निकालना उचित नहीं है। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। हंगामे की सूचना तत्काल भलुअनी थाने को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल खुदाई का कार्य रुकवा दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाते हुए सलाह दी कि राजस्व विभाग से भूमि और पोखरे की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के बाद ही आगे कोई कदम उठाया जाए। इसके बाद मौके पर स्थिति नियंत्रित हुई, लेकिन गांव में अभी भी तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि नाली न होने के कारण उन्हें अपने घरों में गड्ढे खोदकर गंदा पानी जमा करना पड़ता है। जब ये गड्ढे भर जाते हैं, तो परिवार के सदस्य बाल्टियों से पानी निकालकर अन्य स्थानों पर फेंकते हैं। यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है और अब लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। गांव निवासी तेज प्रताप ने बताया कि जलनिकासी की समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायतें की गई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।