बेलघाट पुलिस को बड़ी सफलता, दो शातिर चोर गिरफ्तार चोरी के जेवरात,

बेलघाट पुलिस को बड़ी सफलता, दो शातिर चोर गिरफ्तार चोरी के जेवरात, नकदी, आधार कार्ड व अन्य सामान बरामद; फरार आरोपियों की तलाश जारी बेलघाट/गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन में बेलघाट पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी समेत अन्य सामान बरामद किया है। प्रभारी निरीक्षक बेलघाट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 5 अक्टूबर 2026 को रात करीब 12:50 बजे एकौना-बघरघट अंडरपास के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में संदीप गुप्ता पुत्र हरिराम गुप्ता, उम्र करीब 17 वर्ष, निवासी ग्राम बघाड़, थाना बेलघाट तथा सोनू उर्फ बंटू पासवान पुत्र रामसजन पासवान, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी ग्राम एकौना खुर्द, थाना बेलघाट शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से तीन जोड़ी सफेद धातु की पायल, दो सफेद धातु के सिक्के और 4,900 रुपये नकद बरामद किए गए। इसमें संदीप के पास से 3,100 रुपये और सोनू के पास से 1,800 रुपये मिले। इसके अलावा वादी सूरज शुक्ला का आधार कार्ड, आभूषण रखने वाले तीन छोटे बैग तथा दो प्लास्टिक के डिब्बे भी बरामद हुए। पूछताछ में सामने आया चोरी का तरीका पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों सनी गुप्ता और लक्ष्मी नारायण उर्फ बतन उर्फ छोटू निषाद के साथ मिलकर सूरज शुक्ला के घर का ताला तोड़कर चोरी की थी। पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था तथा सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए घर के इन्वर्टर का स्विच बंद कर दिया था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का करीब 4-5 लोगों का गैंग है, जो बांसगांव सर्किल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बंद मकानों की रेकी कर रात के समय चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। पूछताछ में आरोपियों ने बेलघाट थाना क्षेत्र के ग्राम सोनबरसा में हुई एक अन्य चोरी की घटना मु0अ0सं0 04/2026 में भी संलिप्तता स्वीकार की है। बेलघाट पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0 257/2026, धारा 305(1) बीएनएस एवं बढ़ोत्तरी धारा 331(4), 61(2), 317(2) के तहत विधिक कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा दोनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। बांसगांव संदेश न्यूज़ बेलघाट से भोला गौड़ की रिपोर्ट