चौरी चौरा में सड़को का बिछाया जा रहा जाल विधायक

चौरी चौरा गोरखपुर। चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र में सड़क विकास को नई गति मिलने जा रही है। क्षेत्र की 82 जर्जर सड़कों का 10 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत से जीर्णोद्धार कराया जाएगा। यह जानकारी मंगलवार को चौरी चौरा विधायक ई. सरवन निषाद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं और बेहतर सड़कें लोगों के जीवन को आसान बनाने के साथ-साथ क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति देती हैं।विधायक ने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप चौरी चौरा विधानसभा में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में 82 सड़कों के नवीनीकरण और मरम्मत की स्वीकृति मिली है, जिन पर 10.15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा किसानों, छात्रों, व्यापारियों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी।ई. सरवन निषाद ने कहा कि उनकी प्राथमिकता विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और कस्बे को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां सड़कें जर्जर हैं, वहां चरणबद्ध तरीके से निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद चौरी चौरा विधानसभा में आवागमन पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी हैं और आने वाले समय में भी सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई नई योजनाएं धरातल पर दिखाई देंगी। विधायक ने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि विकास की यह रफ्तार आगे भी इसी तरह जारी रहेगी और चौरी चौरा को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जाएगा।