गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र हमीरपुर में सघन चेकिंग अभियान, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

हमीरपुर। 77वें गणतंत्र दिवस के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को हमीरपुर नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर पुलिस बल द्वारा संचालित किया गया। अभियान के दौरान हमीरपुर नगर के विभिन्न होटल, लॉज, धर्मशालाएं, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजार क्षेत्र, भीड़-भाड़ वाले एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस टीमों द्वारा गहनता से चेकिंग की गई। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की तलाशी ली गई, वहीं होटलों एवं लॉज में ठहरे लोगों के पहचान पत्रों की जांच कर रजिस्टरों का सत्यापन किया गया। बस स्टैंड व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आने-जाने वाले यात्रियों से पूछताछ कर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने होटल व लॉज संचालकों को आवश्यक सुरक्षा दिशा-निर्देश देते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस बल द्वारा नगर क्षेत्र में पैदल गश्त भी की गई। गश्त के दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्कता बरती जा रही है।