Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Kant Singh Hamirpur
Hamirpurलगभग १ घंटा पहले

राष्ट्रीय खेल दिवस पर हमीरपुर में गूंजा खेल प्रतिभाओं का जोश अंडर-14 हॉकी व एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 151 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

राष्ट्रीय खेल दिवस पर हमीरपुर में गूंजा खेल प्रतिभाओं का जोश अंडर-14 हॉकी व एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 151 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

हमीरपुर। मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के तहत राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम हमीरपुर में जिला स्तरीय अंडर-14 हॉकी एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिलेभर से आए बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। खिलाड़ियों को फिट इंडिया की शपथ दिलाने के साथ ‘स्पोर्ट्स बंधन’ कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 88 बालक और 63 बालिकाओं समेत कुल 151 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। वहीं जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में छह टीमों ने प्रतिभाग किया। हॉकी में रहमानिया इंटर कॉलेज मौदहा चैंपियन पहले सेमीफाइनल में रहमानिया इंटर कॉलेज मौदहा ने एमएसजी मौदहा को 1-0 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में बुंदेला क्लब हमीरपुर ने सरदार पटेल बालिका इंटर कॉलेज हमीरपुर को 1-0 से पराजित किया। फाइनल में रहमानिया इंटर कॉलेज मौदहा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सरदार पटेल बालिका इंटर कॉलेज हमीरपुर को 4-0 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। आदित्य वर्मा और कृष्णा ने दो-दो गोल किए। एथलेटिक्स में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में आकिब प्रथम, आदित्य द्वितीय और नाहिद तृतीय रहे। 200 मीटर में राहिल, रिशीकान्त और सौरभ ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर में अभिमान प्रथम, अजीत द्वितीय और सत्यवीर तृतीय रहे। जेवलिन थ्रो में शैलेन्द्र सिंह प्रथम, नाहिद द्वितीय और अजीत तृतीय रहे, जबकि डिस्कस थ्रो में नैतिक, मयंक और रिशीकान्त ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में रिया प्रथम, आरुषि द्वितीय और नन्दनी तृतीय रहीं। 200 मीटर में रिया प्रथम, तनु द्वितीय और साक्षी तृतीय रहीं। 400 मीटर में सृष्टि प्रथम, काजल द्वितीय और मानवी तृतीय स्थान पर रहीं। जेवलिन थ्रो में मेनका पाल प्रथम, श्वेता द्वितीय और प्रतिज्ञा तृतीय रहीं। डिस्कस थ्रो में मेनका प्रथम, रागिनी द्वितीय और शाबरीन तृतीय रहीं। विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा विभिन्न स्पर्धाओं में स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आयोजन में खेल विभाग के अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

0 likes
0 comments0 shares