फाइनेंस कंपनी में फंदे से लटका मिला युवती का शव:गोरखपुर में मां बोलीं-बेटी काे मारकर लटकाया, संचालक समेत 2 पर FIR

गोरखपुर में फाइनेंस कंपनी में काम करने वाली 20 साल की युवती की डेडबॉडी ऑफिस में फंदे से लटकती मिली। बेटी के घर नहीं पहुंचने पर मां और बहनों ने तलाश शुरू की। फाइनेंस कंपनी में पहुंचीं तो बेटी का शव देखकर चीख पड़ीं। मां ने रोते हुए कहा- मेरी बेटी की हत्या के बाद शव लटकाया गया है। परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम के बाद पादरी बाजार-पिपराइच मुख्य मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिवार के लोगों ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। मौके पर 4 थानों की पुलिस पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। सोमवार रात शाहपुर पुलिस ने मां की तहरीर पर कंपनी के संचालक सूरज यादव और वहां काम करने वाली नीशू राजभर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले में संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर हत्या के कारणों को पता लगा रही है। शाहपुर के तिनकोनिया नंबर एक के भटोलिया निवासी निंकी राजभर (20) चार बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। उसके पिता राजमन राजभर इलेक्ट्रिक वेल्डिंग का काम करते हैं। 2 साल से निंकी घर से करीब 500 मीटर दूर सम्यति उत्कृष्टम फाइनेंस कंपनी में काम कर रही थी। वह लोगों को लोन दिलाने और रुपए जमा कराने का काम करती थी। उसे 10 हजार रुपए मंथली सैलरी मिलती थी। देर होने पर घरवाले खोजने निकले मां विमला देवी ने बताया- रोज शाम के 7 बजे निंकी घर आ जाती थी। शनिवार को बेटी घर नहीं पहुंची तो हम लोग परेशान हो गए। उसकी तलाश शुरू कर दी। रात करीब 9:42 बजे वह फाइनेंस कंपनी के आफिस पहुंचीं। वहां शटर आधा गिरा हुआ था। बाहर बेटी की चप्पल और स्कूटी खड़ी थी। अंदर जाकर देखा तो निक्की का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटक रहा था। यह देखकर मैं चीखते हुए बाहर निकली। आवाज सुनकर आसपास के लोग और ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।