जलजमाव से ग्रामीण परेशान, संक्रमण फैलने का खतरा रामपुर बुजुर्ग। बनकटा विकास

जलजमाव से ग्रामीण परेशान, संक्रमण फैलने का खतरा रामपुर बुजुर्ग। बनकटा विकास खंड के इंगुरी सराय ग्राम पंचायत अंतर्गत महुअई टोला में मुख्य मार्ग पर जलजमाव की समस्या से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रवि सिंह के घर के पास स्थित इस सड़क पर बारिश होते ही पानी इकट्ठा हो जाता है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर नाले का गंदा पानी अक्सर जमा रहता है, जिससे सड़क की स्थिति बदहाल हो चुकी है। बरसात के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा बुजुर्गों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर हमेशा गंदगी और कीचड़ बनी रहती है। इससे आसपास के क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है तथा संक्रमणजनित बीमारियों के फैलने का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत एवं जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके। इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी नागेश प्रताप सिंह ने बताया कि जल्द ही पानी निकासी की व्यवस्था करा दिया जाएगा।