टेलर से फैक्ट्री का कचड़ा गिरने से सड़क बनी फिसलन भरी, दर्जनों
टेलर से फैक्ट्री का कचड़ा गिरने से सड़क बनी फिसलन भरी, दर्जनों लोग गिरे; ट्रक खेत में घुसा भाटपार रानी। सलेमपुर-मझौली मैरवा मार्ग पर सोहनपुर स्थित टीवीएस एजेंसी के सामने मंगलवार की देर शाम करीब 8:30 बजे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। फैक्ट्री का कचड़ा लेकर जा रहे एक टेलर का पिछला ढाला अचानक खुल गया, जिससे सड़क पर भारी मात्रा में कचड़ा फैल गया और मार्ग पूरी तरह फिसलन भरा हो गया। सड़क पर कचड़ा गिरते ही वहां से गुजर रहे दोपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर फिसलने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब दर्जनों बाइक सवार गिर पड़े, जिनमें कई लोगों को हल्की चोटें आईं। इसी दौरान एक ट्रक भी फिसलकर सड़क किनारे खेत में जा घुसा। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रक को बाहर निकाला जा सका। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से सड़क पर फैले कचड़े और कीचड़ को हटवाया तथा फिसलन कम करने के लिए मिट्टी डलवाई। लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद आवागमन सुचारू हो सका। घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बनी रही।