बांसगांव संदेश बरहज विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर निकाली गई रैली व

बांसगांव संदेश बरहज विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर निकाली गई रैली व लगाई गई प्रदर्शनी देवरिया 14 अगस्त विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, देवरिया के एनसीसी एवं स्काउट के छात्र-छात्राओं ने रैली निकाली। रैली गुरुद्वारा स्थित पार्क से प्रारंभ होकर विद्यालय परिसर तक पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभाजन की त्रासदी और उससे प्रभावित लोगों की पीड़ा को स्मरण किया। रैली में विद्यालय के प्रधानाचार्य रामकिंकर मिश्र, उप प्रधानाचार्य महेंद्र प्रसाद, शिक्षक गोविंद सिंह, डीके मौर्य, दयानंद मिश्र, नरेंद्र प्रताप सिंह, विजय शंकर कुशवाहा, सत्य प्रकाश शाही सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।विद्यालय सभागार में विभाजन विभीषिका से संबंधित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिला विद्यालय निरीक्षक देवरिया हरिश्चंद्र नाथ ने चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। विभाजन से विस्थापित परिवारों के सदस्य सरदार जगजीत सिंह, सरदार विनीत सिंह, सरदार देवेंद्र सिंह और सरदार रविंद्र सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को वर्ष 1947 के विभाजन की पृष्ठभूमि, ऐतिहासिक परिस्थितियों, हिंसा, विस्थापन, पलायन और शरणार्थियों की कठिनाइयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं ने भी चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभाजन की पीड़ा को समझा।कार्यक्रम का उद्देश्य विभाजन के दौरान पीड़ित लोगों की स्मृतियों को सम्मानपूर्वक याद करना तथा विद्यार्थियों में मानवता, एकता, शांति और भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा।