104 किलो गांजा पकड़ एसटीएफ-बन्धुआकला पुलिस ने तस्करी की बड़ी खेप रोकी,तस्कर
104 किलो गांजा पकड़ एसटीएफ-बन्धुआकला पुलिस ने तस्करी की बड़ी खेप रोकी,तस्कर गिरफ्तार सुलतानपुर। बन्धुआकला थाना पुलिस और एसटीएफ लखनऊ ने संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थों की तस्करी के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार करते हुए 104 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजे की खेप ले जा रहे एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त छह टायर आयसर डीसीएम वाहन भी जब्त कर लिया।थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शनिवार को डेरा बसी ढाबा के सामने लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे पर वाहन चेकिंग के दौरान अयोध्या जिले के हैदरगंज थाना क्षेत्र के नियाजपुर भदार निवासी विजय पाल को दबोच लिया गया। तलाशी में तीन बोरियों में टेप से पैक 52 पैकेटों से कुल 104 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।आरोपी के पास से मोबाइल फोन,आधार कार्ड,पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद किए गए।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया।क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध रायबरेली, मैनपुरी और सुलतानपुर में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर और धोखाधड़ी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देशन में एसटीएफ और बन्धुआकला पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस अब बरामद गांजे की खेप के स्रोत,सप्लाई चेन और इस गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है।