Bansgaon Sandesh
Login
H
Gorakhpurलगभग २ घंटे पहले

नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

बड़हलगंज। बडहलगंज नीट-यूजी परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में अनियमितताओं के विरोध में बुधवार को बड़हलगंज में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। सुबह करीब 10 बजे भीम सेवा आश्रम के शैलेन्द्र बौद्ध, इन्द्रजीत बाल्मीकि, अजीत त्रिपाठी, चन्दन राना, जितेन्द्र, प्रवीण विश्वकर्मा, विशाल तिवारी, ज्ञान प्रकाश और धीरज भारती सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अंबेडकर चौराहे पर एकत्र हुए। यहां से हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर जुलूस निकाला गया। जुलूस अंबेडकर चौराहे से आर्यनगर, कॉलेज रोड, पटना चौराहा और बाइपास मार्ग होते हुए पुनः बस स्टेशन स्थित अंबेडकर चौराहे पर पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से लाखों मेहनती अभ्यर्थियों का विश्वास डगमगा रहा है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो तथा युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बंद किया जाए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई। वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए बड़हलगंज पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। जुलूस के आगे-पीछे पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कानून-व्यवस्था बनी रही। शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन संपन्न होने के बाद छात्र-छात्राएं अपने-अपने घरों को लौट गए।

1 likes
0 comments0 shares