Bansgaon Sandesh
Login
P
Deoriaलगभग २ घंटे पहले

डीएम ने की बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े टास्क फोर्स की बैठक।

डीएम ने की बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े टास्क फोर्स की बैठक।

डीएम ने की बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े टास्क फोर्स की बैठक। देवरिया, 03 अक्टूबर। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े टास्क फोर्स की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में की। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने तथा विद्यालय की आधारभूत आवश्यकताओं के अनुरूप व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही, उन्होंने लापरवाही के लिए आगाह भी किया है। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने ऐसे एआरपी, जिनका विद्यालयों का भ्रमण कम है, उनका एक दिन का वेतन रोकने का भी निर्देश दिया है। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को एसआरजी, एआरपी एवं डायट मेंटर के साथ समन्वय बनाते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता और बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। सभी खंड शिक्षा अधिकारी कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का महीने में चार दिन तथा डीसी दो बार अनिवार्य रूप से निरीक्षण करेंगे। उन्होंने सभी को निरीक्षण उपरांत गूगल शीट पर आख्या दर्ज किए जाने के भी निर्देश दिए हैं। डायट मेंटर परशुराम शर्मा, जिन्हें प्रशिक्षण पर होना बताया गया। जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण उपरांत वे पांच मिनट का प्रस्तुतिकरण देंगे कि क्या सीखे हैं। जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों, एसआरजी, एआरपी, डीसी एवं डायट मेंटर सहित बेसिक शिक्षा से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्यों में सुधार लाए जाने के कड़े निर्देश देते हुए कहा है कि बच्चे ड्रेस कोड में आएं। उपस्थिति उनकी शत-प्रतिशत सुनिश्चित हो। इस पर विशेष रूप से कार्य करें। संदर्शिता के अनुरूप पठन-पाठन हो, यह भी सुनिश्चित करें। मध्यान्ह भोजन मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण बने, यह भी अपने निरीक्षण में प्राथमिकता के साथ देखें। जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों से छुट्टी के दिनों में घर जाने वाली छात्राएं पुनः विद्यालय समय से आएं, इसके लिए गांवों में प्रशासकों व पंचायत सहायकों के माध्यम से मुनादी कराएं कि छुट्टी के बाद इस दिन विद्यालय खुलेगा और छात्राएं अनिवार्य रूप से अपने विद्यालय में आएं। साथ ही, बेसिक विद्यालयों में बच्चे ड्रेस कोड में आएं, इसके लिए अभिभावकों को जागरूक करने की आवश्यकता जताई। इस समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चन्द्र नाथ, बेसिक शिक्षा अधिकारी राम जनम मौर्य, खंड शिक्षा अधिकारी, डीसी व अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।

0 likes
0 comments0 shares