गोरखपुर स्टंट का जानलेवा शौक: बड़हलगंज पुल से रील बनाते हुए सरयू

गोरखपुर स्टंट का जानलेवा शौक: बड़हलगंज पुल से रील बनाते हुए सरयू में कूदा युवक, लापता... साथी को नाविकों ने बचाया स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के समय पुल और घाटों पर युवाओं की भीड़ जुटती है, जहां मोबाइल से रील और वीडियो बनाने का चलन तेजी से बढ़ा है। ऐसे स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त, सीसीटीवी निगरानी और चेतावनी प्रसारण की व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है। नाविकों की मौजूदगी से शनिवार को एक युवक की जान बच गई लेकिन समय रहते रोकथाम के उपाय होते तो हादसे की नौबत ही नहीं आती। नदी में डूबने की कई घटनाओं के बीच शनिवार शाम फिर बड़ा हादसा हो गया। बड़हलगंज-दोहरीघाट पुल पर रील बनाने के दौरान स्टंट करते हुए एक युवक ने अचानक सरयू नदी में छलांग लगा दी और गहरे पानी में समा गया। उसे बचाने के लिए उसका साथी भी नदी में कूद पड़ा। नाविकों ने साथी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। स्टंट करने वाले युवक का पता नहीं चल सका।जानकारी के अनुसार, लालगंज मोहल्ला निवासी दिलशाद (23) अपने मित्र मोहम्मद सुहैल के साथ दोहरीघाट पुल पर मोबाइल से रील बना रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वीडियो को आकर्षक बनाने के उद्देश्य से उसने अचानक पुल से छलांग लगा दी। कुछ ही देर बाद वह पानी में संघर्ष करता दिखाई दिया और तेज बहाव के बीच नियंत्रण खो बैठा। साथी को डूबता देख सुहैल ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। हालांकि वह भी धारा की चपेट में आ गया। घाट पर मौजूद नाविकों ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल नाव लेकर बचाव शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सुहैल को बाहर निकाल लिया। इस दौरान दिलशाद नजरों से ओझल हो चुका था।घटना की सूचना मिलते ही बड़हलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और नाविकों को लगाकर नदी में तलाश अभियान चलाया गया। पुलिस ने आसपास के घाटों पर भी खोजबीन कराई लेकिन अंधेरा होने तक कोई सफलता नहीं मिली। हादसे के बाद पुल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। थाना प्रभारी सुनील राय ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दिलशाद नशे की हालत में था। गोताखोर लगाकर खोजबीन की जा रही है।