अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर लोगों ने किया योगाभ्यासः शहर से गांव तक के जुटे लोग

भलुअनी।बांसगांव संदेश।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को बरहज में नागरिकों ने बड़े उत्साह के साथ योगाभ्यास किया। शहर से लेकर गांव तक लोगों ने अपने आवासों, पार्कों, स्कूल के मैदानों और मंदिर परिसरों में योग कर स्वस्थ व निरोग रहने का संकल्प लिया। नगर में हर्ष चंद इंटर कॉलेज, बेचू शाह पोखरा, अभय राघव मंदिर और तहसील परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों ने योग किया। इस दौरान महिलाओं ने भी स्वस्थ जीवन के लिए योगाभ्यास में सक्रिय रूप से भाग लिया। नगर पालिकाध्यक्ष श्रीमती श्वेता जायसवाल ने इस अवसर पर कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य देन है, जिसे आज पूरे विश्व ने अपनाया है। उन्होंने इसे भारत की महान संस्कृति और जीवन पद्धति को वैश्विक स्तर पर मिली नई पहचान बताया, जो स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। इस कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष विवेक जायसवाल, अधिशासी अधिकारी निरुपमा प्रताप, मनोज गुप्त, पवन विश्वकर्मा और राजेश सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वहीं, विकास खंड के ग्राम पंचायत परसिया तिवारी में अमृत सरोवर पर भी योगाभ्यास का आयोजन किया गया। इसमें भाजपा बरहज देहात युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रवीण मलजी, संयोजक वीरेंद्र तिवारी (पूर्व प्रधान), मंडल के पदाधिकारी अखंड प्रताप सिंह, अंगद तिवारी, जितेंद्र तिवारी, राम जोखन निषाद, प्रकाश तिवारी, अश्वनी दीक्षित, हेमंत चौहान, सुभाष यादव और ग्रामीण संजय पासवान, नित्यानंद तिवारी, बृजेश तिवारी, अभिषेक मिश्रा, राकेश तिवारी, वृद्धि चंद भारती सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे।