*सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह का शव लेकर लौट रही एंबुलेंस हादसे का

*सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह का शव लेकर लौट रही एंबुलेंस हादसे का शिकार, रिश्तेदार सभासद राजन चौधरी की भी मौत* बांसगांव संदेश रुद्रपुर देवरिया। सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गहिला निवासी सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह के रिश्तेदार एवं रुद्रपुर निवासी सभासद राजन चौधरी की भी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही रुद्रपुर और गहिला क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि सूबेदार मेजर सत्यवान सिंह का बीमारी के चलते चंडीगढ़ में निधन हो गया था। उनका शव एंबुलेंस से उनके पैतृक निवास गहिला लाया जा रहा था। शव के साथ उनके परिजन और रिश्तेदार भी मौजूद थे। इसी एंबुलेंस में रुद्रपुर निवासी सभासद राजन चौधरी भी सवार थे। रविवार सुबह करीब 8:15 बजे अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर के पास हलियापुर क्षेत्र में एंबुलेंस पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में राजन चौधरी समेत अन्य लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हुए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। घायलों को अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। सभासद राजन चौधरी की मौत की खबर से रुद्रपुर क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने हादसे पर दुख जताया है। हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।