खैरातपुर में चला विशेष सफाई अभियान, ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

आजमगढ़। स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जिले में चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत गुरुवार को विकासखंड पल्हनी के ग्राम पंचायत सम्मोपुर के राजस्व ग्राम खैरातपुर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। ग्राम प्रधान की देखरेख में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने शिकायतकर्ता एवं ग्रामीणों के सहयोग से नालियों और नालों की सफाई की। इस दौरान सड़कों पर झाड़ू लगाने के साथ कूड़ा-कचरा हटाया गया तथा दवा का छिड़काव कर साफ-सफाई की गई। अभियान के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए घर और आसपास के क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई रखने की अपील की गई। अभियान में लोगों को बताया गया कि साफ-सफाई रखने से संचारी रोगों के प्रसार को रोकने में मदद मिलती है। जिला स्तर से चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत जिले के विभिन्न गांवों में सफाई और जागरूकता अभियान जारी है। इस दौरान जिला अध्यक्ष सीपी यादव, जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया, सेक्टर प्रभारी वीरेंद्र कुमार, ओमप्रकाश, सिरमोद कुमार, पाल जितेंद्र कुमार, रामाश्रय कुमार समेत ग्रामीण और सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।