डीएम ने मतदाता पंजीकरण कैंपों का किया औचक निरीक्षण लूर्दस कॉन्वेंट और

डीएम ने मतदाता पंजीकरण कैंपों का किया औचक निरीक्षण लूर्दस कॉन्वेंट और राजकीय सिटी इंटर कॉलेज के 13 बूथों का लिया जायजा, युवा व महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर दिया जोर गाजीपुर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराने और पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं के पंजीकरण को लेकर शनिवार को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। इस क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज तथा राजकीय सिटी इंटर कॉलेज, गाजीपुर में संचालित विशेष मतदाता पंजीकरण कैंपों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लूर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज में बूथ संख्या 231 से 237 तक कुल सात बूथों तथा राजकीय सिटी इंटर कॉलेज में बूथ संख्या 254 से 259 तक कुल छह बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से मतदाता पंजीकरण के लिए प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की स्थिति के संबंध में जानकारी ली।विशेष अभियान के तहत मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति में हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। इनके माध्यम से मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम हटाने तथा विवरण में संशोधन कराने की प्रक्रिया के बारे में नागरिकों को जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कैंपों में आने वाले नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया की सही जानकारी दी जाए, ताकि उन्हें आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अद्यतन बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता से कार्य करें।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरना होगा। वहीं, मतदाता सूची में निर्धारित संशोधन एवं अन्य बदलावों के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने फॉर्म-7 के संबंध में निर्देश दिया कि किसी भी मतदाता को अधिकतम 10 फॉर्म ही उपलब्ध कराए जाएं।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देशित किया कि पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं और महिला मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित कर्मचारियों से निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने तथा मतदाता पंजीकरण अभियान को प्रभावी बनाने की अपेक्षा की। इसी क्रम में जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और अन्य संबंधित अधिकारियों ने भी विभिन्न मतदेय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया गया।