Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Kant Singh Hamirpur
Hamirpurलगभग १ घंटा पहले

छिरका में जल जीवन मिशन के सीडब्ल्यूआर का एडीएम ने किया निरीक्षण, सफाई के बाद जलापूर्ति के निर्देश

छिरका में जल जीवन मिशन के सीडब्ल्यूआर का एडीएम ने किया निरीक्षण, सफाई के बाद जलापूर्ति के निर्देश

मौदहा, हमीरपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विजय सिंह ने मौदहा विकासखंड के ग्राम छिरका में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित सीडब्ल्यूआर (क्लियर वाटर रिजर्वायर) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सीडब्ल्यूआर परिसर और जल भंडारण संरचना का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से जलापूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली। एडीएम ने रिजर्वायर की नियमित एवं गहन सफाई के साथ परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि टैंक एवं परिसर की पूरी तरह सफाई तथा आवश्यक तकनीकी सुधार सुनिश्चित करने के बाद ही जलापूर्ति शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा। एडीएम ने जलापूर्ति व्यवस्था के नियमित रखरखाव और संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुचारु एवं प्रभावी बनी रहे और ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से आवश्यक कार्रवाई पूरी कर जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।

0 likes
0 comments0 shares