वृद्धजनों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी : सीपी पांडेय। मदरिया ।

वृद्धजनों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी : सीपी पांडेय। मदरिया । ---------- धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस, वृद्धाश्रम में लगा मेडिकल जांच शिविर..... सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित वृद्धाश्रम पाण्डेपार उर्फ डडवापार में गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर वृद्धजनों के सम्मान के साथ मेडिकल जांच शिविर का आयोजन किया गया। चिकित्सकों ने वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही फल एवं वस्त्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोला थानाध्यक्ष सीपी पांडेय ने वृद्धजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताया। उन्होंने कहा कि वृद्धजन हमारे समाज और परिवार की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को बहुत कुछ सीखने को मिलता है। सभी का दायित्व है कि वृद्धजनों का सम्मान करें और जरूरत के समय उनकी हरसंभव मदद करें। विशिष्ट अतिथि जेलर शाही ने भी वृद्धजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा और सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखने के साथ उन्हें अपनापन देना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजनों से वृद्धजनों में सकारात्मक ऊर्जा और अपनत्व की भावना बढ़ती है। मेडिकल जांच शिविर में चिकित्सकों ने वृद्धजनों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी लेकर जांच की और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी। उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित खान-पान और दवाओं के नियमित सेवन के प्रति जागरूक किया गया। वृद्धाश्रम के अधीक्षक रमेश यादव ने कहा कि वृद्धजनों की सेवा और उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखना आश्रम की प्राथमिकता है। उन्हें बेहतर सुविधाएं, स्वास्थ्य सेवाएं और परिवार जैसा माहौल उपलब्ध कराने का लगातार प्रयास किया जाता है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों के प्रति धन्यवाद भी दिया।