गोमती नदी में विसर्जित हुईं बल्दीराय की दुर्गा प्रतिमाएं,जयकारों के बीच मां
गोमती नदी में विसर्जित हुईं बल्दीराय की दुर्गा प्रतिमाएं,जयकारों के बीच मां को दी विदाई 26 अक्टूबर को होगा शेष प्रतिमाओं का विसर्जन सुल्तानपुर। मां दुर्गा की विदाई के साथ बल्दीराय तहसील क्षेत्र में दुर्गापूजा उत्सव का समापन शुरू हो गया। बुधवार देर रात अमेठी जिले के निजामुद्दीनपुर स्थित गोमती नदी के तिलहुटी घाट पर दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। मां के जयकारों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने नम आंखों से माता को विदाई दी। देर रात तक घाट पर भक्तों की मौजूदगी से माहौल भक्तिमय बना रहा।नवरात्र के प्रथम दिन स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। भक्त डीजे की धुन पर नाचते-गाते और मां के जयकारे लगाते हुए घाट तक पहुंचे। डडवा, निसासिन, देवरा, पूरे नजर हुसैन, रानी दुर्गापुर और पूरे सूबेदार गांव में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। रास्ते भर मां के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।विसर्जन यात्रा के दौरान पारा चौराहे पर एसडीएम प्रभात सिंह,केंद्रीय दुर्गापूजा व्यवस्था समिति के अध्यक्ष महेश जायसवाल, सीओ आशुतोष कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष विशाल जायसवाल, भाजपा के पूर्व जिला मंत्री मुकेश अग्रहरि, बल्दीराय थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह, सीएचसी बल्दीराय के अधीक्षक डॉ.राजेश और विद्युत विभाग के एसडीओ एमपी सिंह ने दुर्गा प्रतिमाओं का स्वागत किया।प्रतिमाओं के शांतिपूर्ण विसर्जन के लिए पुलिस-प्रशासन मुस्तैद रहा। घाट और आसपास के रास्तों पर पुलिस तथा पीएसी के जवान तैनात रहे। पुलिसकर्मियों ने विसर्जन यात्रा के दौरान व्यवस्थाएं संभालीं। अधिकारियों की निगरानी में विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।केंद्रीय दुर्गापूजा व्यवस्था समिति के अध्यक्ष महेश जायसवाल ने बताया कि शेष स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन 26 अक्टूबर को किया जाएगा।