16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर निकली जागरूकता रैली, जिलाधिकारी ने दिलाई मतदान की शपथ

हमीरपुर। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री घनश्याम मीना द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में इस्लामिया इंटर कॉलेज, सरदार पटेल इंटर कॉलेज एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, हमीरपुर के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। जागरूकता रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर किंग रोड होते हुए अमन शहीद स्थल तक गई तथा पुनः कलेक्ट्रेट परिसर में आकर संपन्न हुई। कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी श्री घनश्याम मीना ने कलेक्ट्रेट सभागार के बाहर उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं पत्रकारों को शपथ दिलाते हुए कहा कि सभी मतदाता किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना प्रत्येक निर्वाचन में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। मतदाता जागरूकता के अंतर्गत जनपद स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में पियूष (श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज) ने प्रथम, आराध्या (राजकीय बालिका इंटर कॉलेज) ने द्वितीय तथा जोया (इस्लामिया इंटर कॉलेज) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में प्रिया (राजकीय बालिका इंटर कॉलेज) प्रथम, श्रुति कश्यप (सरदार पटेल इंटर कॉलेज) द्वितीय एवं मानस द्विवेदी (श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज) तृतीय स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में अंजली देवी (राजकीय बालिका इंटर कॉलेज) प्रथम, गौतम (श्री राजाराम इंटर कॉलेज) द्वितीय तथा अर्जुन गौतम (राजकीय इंटर कॉलेज) तृतीय रहे। वहीं स्लोगन प्रतियोगिता में आकांक्षा (सरदार पटेल बालिका इंटर कॉलेज) प्रथम, पुष्पेंद्र कुमार (राजकीय इंटर कॉलेज) द्वितीय एवं अंजली (राजकीय हाईस्कूल कुछेछा) तृतीय स्थान पर रहीं। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रथम बार मतदाता के रूप में पंजीकृत 07 युवा मतदाताओं को ईपिक कार्ड वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विजय शंकर तिवारी ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें निर्भीक एवं निष्पक्ष रूप से मतदान करने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर श्री पैगाम हैदर, उप जिलाधिकारी श्री कड़े दीन, तहसीलदार श्री रविन्द्र पाल सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।