छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में देवरिया के अधिवक्ताओं का
छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में देवरिया के अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन देवरिया। राजधानी दिल्ली में छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को देवरिया दीवानी कचहरी के अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ता कचहरी परिसर से जुलूस की शक्ल में सुभाष चौक पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व अधिवक्ता बिरकेश्वर गौतम ने किया। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ की गई कथित पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि छात्रों की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके बाद अधिवक्ताओं ने जिला अधिकारी देवरिया के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं के उग्र तेवर को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे कार्यक्रम पर प्रशासन की पैनी नजर रही। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और ज्ञापन सौंपने के बाद अधिवक्ता वापस कचहरी लौट गए। इस प्रदर्शन को लेकर दिनभर कचहरी परिसर और सुभाष चौक पर राजनीतिक एवं सामाजिक हलचल बनी रही।