*उधारी मांगने पर सब्जी विक्रेता को पीटा: मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचा पीड़ित,

*उधारी मांगने पर सब्जी विक्रेता को पीटा: मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचा पीड़ित, ओएसडी के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की* खजनी ।गोरखपुर खजनी इलाके में एक सब्जी विक्रेता ने उधारी के पैसे मांगने पर मारपीट करने, जेब से रुपये निकालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचकर इसकी शिकायत की। मुख्यमंत्री के ओएसडी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खजनी थानाध्यक्ष को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पीड़ित को खजनी थाने भेजा गया। उधारी के पैसों को लेकर विवाद सोहरा गांव के रहने वाले पीड़ित पप्पू मौर्य ने खजनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह खजनी चौराहे पर सब्जी बेचकर अपने परिवार का गुजारा करते हैं। आरोप है कि बेलडाड़ गांव का जितेंद्र यादव उनसे अक्सर उधार सब्जी लेता था और जब भी पप्पू पैसे मांगते, जितेंद्र विवाद करने लगता था। लाठी-डंडों से हमला और लूट का आरोप पप्पू मौर्य के मुताबिक, 12 सितंबर की शाम करीब 5 बजे जितेंद्र यादव ने खजनी बाजार में उनकी सब्जियां बिखेर दीं और जान से मारने की धमकी दी। अगले दिन 13 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे, जब पप्पू खजनी मंडी से सब्जी बेचकर लौट रहे थे, तो बेलडाड़ गांव के पास जितेंद्र यादव, उसका भाई सोनू यादव और विजय यादव लाठी-डंडे लेकर खड़े थे। आरोप है कि तीनों ने पप्पू के साथ जमकर मारपीट की और जेब से करीब एक हजार रुपये भी निकाल लिए। मुख्यमंत्री कार्यालय के हस्तक्षेप पर शुरू हुई जांच पीड़ित का कहना है कि आरोपी घटना की सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे, जिससे डरकर वह छिपते-छिपाते थाने पहुंचे और शिकायत दी। हालांकि, शुरुआती दौर में कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय का दरवाजा खटखटाया। मुख्यमंत्री कार्यालय से निर्देश मिलने के बाद खजनी थाना पुलिस हरकत में आई। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच और जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी कार्रवाई के डर से फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।