*17 और 24 अक्टूबर को हर बूथ पर लगेंगे विशेष कैंप, मतदाता

*17 और 24 अक्टूबर को हर बूथ पर लगेंगे विशेष कैंप, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका* *एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने की अपील, पात्र युवा और छूटे हुए मतदाता फॉर्म-6 भरकर कराएं पंजीकरण* बहराइच। विधानसभा क्षेत्र 282-बलहा में मतदाता सूची को अद्यतन करने और पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने के लिए 17 एवं 24 अक्टूबर को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। उपजिलाधिकारी मिहींपुरवा/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मोनालिसा जौहरी ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम की जांच करें और नाम दर्ज न होने पर पंजीकरण के लिए आवेदन करें। एसडीएम ने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित पात्र नागरिक तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा निर्धारित प्रारूप-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। उन्होंने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की बैठक लेकर सभी को निर्देशित किया कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाता पंजीकरण के लिए आने वाले नागरिकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। साथ ही अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करें। एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने नागरिकों से अपील की कि वे 17 एवं 24 अक्टूबर को आयोजित विशेष कैंप में अधिकाधिक संख्या में पहुंचें और मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रभावी सहभागिता के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण आवश्यक है।