जलवायु अनुकूल खेती से समृद्ध होंगे अन्नदाता, अगिया गांव में किसान क्षेत्र दिवस का आयोजन

गोरखपुर। पिपराइच ब्लॉक के अगिया गांव में जलवायु अनुकूल कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘फॉर्मर प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत 12वें किसान क्षेत्र दिवस (एफएफडी) का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, एकीकृत कृषि प्रणाली और पर्यावरण अनुकूल खेती के तरीकों की जानकारी दी गई। आयोजन में कुल 91 किसानों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 15 महिला किसान भी शामिल रहीं। कार्यक्रम का नेतृत्व फॉर्मर प्रोजेक्ट गोरखपुर के सहायक प्रबंधक उत्तम कुमार सरकार ने किया। इसमें मॉडल किसान चंद्रिका सिंह और प्रोजेक्ट इंटर्न्स का विशेष सहयोग रहा। पीपीजी एडवाइजरी एलएलपी के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. सी.पी. श्रीवास्तव ने वर्चुअल माध्यम से किसानों को परियोजना की रूपरेखा समझाई। उन्होंने एकीकृत कृषि प्रणाली (आईएफएस) मॉडल, फॉर्मर प्रोजेक्ट कैलकुलेटर और ‘किसान संवाद’ मंच की उपयोगिता बताई। इन माध्यमों से किसानों को खेती संबंधी समस्याओं के समाधान में डिजिटल सहायता मिल सकेगी। कार्यक्रम में एडीओ कृषि, बीटीएम और टीएसी सहित कृषि विभाग के अधिकारियों ने सरकारी योजनाओं और परियोजना के उद्देश्यों की जानकारी दी। वहीं, ग्रोइंडिगो (कार्बन), पीएमवी माल्टिंग्स प्राइवेट लिमिटेड, जागृति और एक्सेस डेवलपमेंट सर्विसेज के प्रतिनिधियों ने किसानों को मार्गदर्शन प्रदान किया। दुबौली मां भूमि एग्रो एफपीसीएल ने आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग किया। अंतिम चरण में किसानों को डिमॉन्स्ट्रेशन प्लॉट का भ्रमण कराया गया, जहां जलवायु-सहनशील बीजों और पर्यावरण अनुकूल पौध संरक्षण विधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। किसानों ने विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी समस्याओं के समाधान भी प्राप्त किए। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को बदलती जलवायु के अनुरूप खेती अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा कृषि उत्पादन और आय में वृद्धि के अवसर उपलब्ध कराना रहा।