भुड़कुड़ा मठ में गूंजा रामनाम, श्री रामचरितमानस पाठ से भक्तिमय हुआ माहौल

भुड़कुड़ा मठ में गूंजा रामनाम, श्री रामचरितमानस पाठ से भक्तिमय हुआ माहौल जखनिया, गाजीपुर। विश्व विख्यात सत्य की पावन भूमि एवं सिद्ध पीठ भुड़कुड़ा मठ में आयोजित श्री रामचरितमानस पाठ ने पूरे क्षेत्र को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। मुख्य यजमान मधुसूदन पाठक के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा मठ “जय श्री राम” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। श्री रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ विद्वान आचार्य पंडित अभिषेक मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया। उन्होंने अपने मधुर कंठ एवं भावपूर्ण शैली में ढोल-मजीरों की मनमोहक धुनों पर मानस की चौपाइयों और दोहों का ऐसा रसपान कराया कि उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत वातावरण में श्रद्धालु घंटों तक मंत्रमुग्ध होकर कथा श्रवण करते रहे। कार्यक्रम के दौरान सिद्ध पीठ भुड़कुड़ा के पूज्य महंत शत्रुघ्न दास महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए समाज में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि रामचरितमानस केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला दिव्य मार्गदर्शक है। धार्मिक आयोजन में पुष्पा पाठक, काशीनाथ चौबे, निलेश पाठक, प्रियांशु तिवारी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से प्रसाद ग्रहण किया। भुड़कुड़ा मठ में आयोजित इस भव्य मानस पाठ की चर्चा पूरे क्षेत्र में होती रही।