*ठेकेदार गिट्टी डालकर फरार, ग्रामीणों का राह चलना दुश्वार* *सड़क पर सिर
*ठेकेदार गिट्टी डालकर फरार, ग्रामीणों का राह चलना दुश्वार* *सड़क पर सिर पकड़कर बैठे ग्रामीण, अनोखे अंदाज में किया प्रदर्शन; सप्ताहभर में काम शुरू न होने पर तहसील दिवस में धरने की चेतावनी* सहजनवा गोरखपुर थाना क्षेत्र के दक्षिणांचल स्थित ग्राम दुल्टही में पानी की टंकी से प्राथमिक विद्यालय तक विधायक निधि से निर्माणाधीन पक्की सड़क ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। ठेकेदार द्वारा सड़क पर गिट्टी डालकर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से बारिश के बीच राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में मानकों के पालन को लेकर भी सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को लंबे समय से निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से नाराज ग्रामीण सड़क पर ही सिर पकड़कर बैठ गए और हाथ उठाकर अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो आगामी तहसील दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार पानी की टंकी से प्राथमिक विद्यालय तक पहले खड़ंजा मार्ग था। विधायक निधि से इसे पक्की सड़क में परिवर्तित किया जा रहा है। आरोप है कि ठेकेदार रत्नेश पांडेय और जेई सुबोध तिवारी की देखरेख में कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। सड़क पर गिट्टी बिछाकर छोड़ दिए जाने से राह चलना मुश्किल हो गया है। प्रदर्शन में क्षेत्र पंचायत सदस्य राधेश्याम यादव, सचिन पासवान पंकज पासवान नीरज पासवान रामा ,रामकरन, विनोद सिंह, देवेंद्र सिंह, अवधेश मौर्य, इनर, जगलाल समेत दर्जनभर ग्रामीण शामिल रहे। इस संबंध में आरएस के जेई सुबोध तिवारी ने बताया कि ठेकेदार द्वारा कार्य पूरा नहीं कराने की शिकायत मिली है। एक सप्ताह के अंदर काम शुरू हो जायेगा।