होर्मुज हमले में जान गंवाने वाले शिवानंद के घर पहुंचे डीएम-एसपी
होर्मुज में हमले में जान गंवाने वाले शिवानंद के घर पहुंचे डीएम-एसपी, परिजनों को बंधाया ढांढस देवरिया। होर्मुज क्षेत्र में शिपिंग जहाज पर हुए हमले में जान गंवाने वाले सुरेली गांव निवासी शिवानंद चौरसिया के परिजनों से शनिवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने मुलाकात की। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए हर संभव प्रशासनिक सहायता का आश्वासन दिया। बताया गया कि 9 जून को ओमान तट के निकट हुए हमले में शिवानंद चौरसिया की मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद से परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। डीएम और एसपी ने परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली तथा भरोसा दिलाया कि पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए भारत सरकार, विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास और संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा सकने वाली हर संभव आर्थिक सहायता पीड़ित परिवार को दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शव को स्वदेश लाने की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है और इस संबंध में उच्च स्तर पर पत्राचार जारी है। इस दौरान परिजनों ने सरकार से एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग उठाई। परिवार का कहना है कि शिवानंद विदेश जाने के लिए लाखों रुपये का कर्ज लेकर गए थे और वही परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। डीएम और एसपी के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने भी अपनी पीड़ा साझा की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।