दुर्गापूजा और दशहरा के मद्देनजर पुलिस ने किया रूट मार्च, सुरक्षा व्यवस्था
दुर्गापूजा और दशहरा के मद्देनजर पुलिस ने किया रूट मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा *बल्दीराय क्षेत्र के बघौना, देहली बाजार और बहुरावां समेत कई बाजारों में पुलिस व पीएसी के जवानों ने किया भ्रमण* सुलतानपुर-बल्दीराय थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापूजा और दशहरा पर्व के मद्देनजर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल्दीराय पुलिस ने रूट मार्च किया। क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार और थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देहली चौकी क्षेत्र के बघौना, देहली बाजार समेत आसपास के विभिन्न बाजारों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। रूट मार्च में देहली चौकी प्रभारी संदीप त्रिपाठी सहित पुलिस बल और पीएसी के जवान शामिल रहे। पुलिस के जवान हूटर बजाती गाड़ियों के साथ प्रमुख मार्गों और बाजारों से गुजरे। इस दौरान पुलिस की सक्रियता के जरिए आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने और अराजक तत्वों को सतर्क रहने का संदेश दिया गया। रूट मार्च का उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना, किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम करना और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना रहा। पुलिस अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने और शांति पूर्वक पर्व मनाने के महत्व पर जोर दिया। पुलिस की ओर से क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रियता दिखाई गई, ताकि दुर्गापूजा और दशहरा का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।