*घघसरा बाजार में सड़क हादसा, तेज रफ्तार बाइक से इंजीनियर घायल* घघसरा

*घघसरा बाजार में सड़क हादसा, तेज रफ्तार बाइक से इंजीनियर घायल* घघसरा बाजार में बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पंजाब नेशनल बैंक के सामने तेज रफ्तार बाइक सवार ने सामने से आ रहे इंजीनियर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में इंजीनियर का दाहिना पैर फैक्चर हो गया, जबकि आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार जंगलधूसड़, पादरी बाजार निवासी 30 वर्षीय इंजीनियर अरुण साहू अपनी बजाज पल्सर से सिद्धार्थनगर एक मकान की नापजोख करने गए थे। दोपहर बाद काम खत्म कर घर लौटते समय जैसे ही वह घघसरा बाजार में पंजाब नेशनल बैंक के सामने पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर जुटे राहगीरों ने उन्हें तुरंत उठाकर ठर्रापार स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पैर में गंभीर फैक्चर होने पर उन्हें जिला अस्पताल गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे की सूचना मिलते ही 112 पीआरवी और घघसरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त दोनों बाइक को कब्जे में ले लिया है और बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। लगातार हो रहे हादसों से बाजार के दुकानदारों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से बैंक तिराहे पर बैरिकेडिंग और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि तेज रफ्तार पर लगाम लग सके और भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।