साइबर फ्रॉड में गई 73,501 रुपये की रकम पुलिस ने कराई वापस

साइबर फ्रॉड में गई 73,501 रुपये की रकम पुलिस ने कराई वापस गुलरिहा पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई कर विभिन्न बैंक खातों में रकम कराई होल्ड पीड़ित के खाते में नियमानुसार वापस कराई गई धनराशि गोरखपुर। साइबर फ्रॉड के मामले में गुलरिहा पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के बैंक खाते से धोखाधड़ी के जरिए निकाली गई 73,501.10 रुपये की धनराशि वापस करा दी। ऑनलाइन ठगी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई शुरू की और संबंधित बैंकों से समन्वय स्थापित कर ठगी की रकम को विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराया। जानकारी के अनुसार पीड़ित के बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से कुल 80 हजार रुपये की धनराशि धोखाधड़ी कर निकाल ली गई थी। घटना की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने तत्काल इसकी शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराई। शिकायत का एक्नॉलेजमेंट नंबर 33102260043346 है। शिकायत मिलने के बाद गुलरिहा थाना की साइबर हेल्प डेस्क ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित बैंक अधिकारियों से संपर्क किया। साइबर टीम की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की धनराशि को विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराया गया। पुलिस की कार्रवाई के चलते कुल 73,501.10 रुपये की धनराशि होल्ड कराने में सफलता मिली। इसके बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए होल्ड कराई गई धनराशि को नियमानुसार पीड़ित के पक्ष में अवमुक्त कराया गया। रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के प्रति आभार जताया। पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई है कि किसी भी तरह के साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराना जरूरी है, ताकि ठगी की रकम को समय रहते संबंधित खातों में होल्ड कराने की कार्रवाई की जा सके।