हमीरपुर में विकास परियोजनाओं को रफ्तार, सदर विधायक ने गिनाए करोड़ों के प्रोजेक्ट

हमीरपुर। सदर विधायक मनोज प्रजापति ने मंगलवार को प्रेस वार्ता के दौरान विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। विधायक के अनुसार ब्रह्मा का डेरा से मंगवा का डेरा तक करीब दो किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए लगभग दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। वहीं करीब 5.30 किलोमीटर लंबे बेरी-बिंदपुरी मार्ग की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शासनादेश जारी होते ही निर्माण शुरू होने की बात कही गई। इंद्रपुरी क्षेत्र में करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण के प्रस्ताव भी स्वीकृति के लिए भेजे गए हैं। विधायक ने बताया कि टोलाघाट-सुमेरपुर पुल का निर्माण पूरा हो चुका है और मार्ग को सात मीटर चौड़ा किया जा रहा है। इससे आवागमन के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है।