Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Kant Singh Hamirpur
Hamirpur२४ दिन पहले

हमीरपुर में हर्षोल्लास व गरिमा के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

हमीरपुर में हर्षोल्लास व गरिमा के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

हमीरपुर। जनपद में इस वर्ष भी 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कलेक्ट्रेट, विकास भवन, पुलिस लाइन, जनपद न्यायालय सहित सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का भावपूर्ण गायन किया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा, आंबेडकर पार्क एवं शहीद पार्क में स्थापित महापुरुषों की मूर्तियों पर माल्यार्पण किया गया। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीरता पदक प्राप्त सैनिकों एवं सेना के वीर शहीदों के आश्रितों/परिजनों को श्रीफल व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। देशभक्ति की भावना जागृत करने हेतु विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति गीतों के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 26 जनवरी का दिन भारत के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन देश में संविधान लागू हुआ और भारत विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि विविधताओं के बावजूद भारत एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त उदाहरण है। जिलाधिकारी ने कहा कि देश आज तेज़ी से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर है और विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी व निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने जनपद की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बीते वर्ष जनपद को सीएम डैशबोर्ड व आईजीआरएस में कई बार उच्च स्थान प्राप्त हुआ है। खनन से जनपद ने सर्वाधिक राजस्व अर्जित किया है तथा जनसहयोग से चंद्रावल नदी का ऐतिहासिक जीर्णोद्धार कर एक नई मिसाल कायम की गई है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी को जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए लोगों की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर समाधान करना चाहिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विजय शंकर तिवारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रिजवाना शाहिद, डिप्टी कलेक्टर पैगाम हैदर सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में ईडीएम चक्रेश त्रिवेदी, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ अध्यक्ष जगदीश निगम, संचालक धर्मेंद्र सिंह समेत कलेक्ट्रेट परिवार के अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।

1700 likes
0 comments0 shares