कुआनो नदी पुल पर पुलिस की सतर्कता से बची महिला की जान

कुआनो नदी पुल पर पुलिस की सतर्कता से बची महिला की जान सिकरीगंज/गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक महिला की जान बचा ली गई। पारिवारिक विवाद से क्षुब्ध होकर कुआनो नदी पुल से नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला को मिशन शक्ति टीम की दो महिला आरक्षियों ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया। पुलिसकर्मियों की इस तत्परता से एक अनमोल जीवन की रक्षा हो सकी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे दुर्गा पूजा के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए महिला आरक्षी मालती मझवार और स्मृति यादव क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान कस्बा सिकरीगंज स्थित कुआनो नदी पुल पर एक महिला पारिवारिक विवाद से परेशान होकर नदी में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास कर रही थी। महिला को इस स्थिति में देखकर दोनों महिला आरक्षियों ने बिना देर किए त्वरित कार्रवाई की और सूझबूझ का परिचय देते हुए उसे सकुशल बचा लिया। पुलिस टीम की इस तत्परता की बदौलत एक बड़ा हादसा टल गया। यह कार्रवाई महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण और स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत की गई। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पारिवारिक विवाद या किसी अन्य समस्या से परेशान होने पर धैर्य और संयम बनाए रखें। परेशानी की स्थिति में अपने परिजनों, विश्वसनीय व्यक्तियों अथवा पुलिस की मदद लें, लेकिन कोई भी आत्मघाती कदम न उठाएं। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 या महिला हेल्पलाइन 1090 पर संपर्क किया जा सकता है।