Bansgaon Sandesh
Login
T
Lucknow१५ मिनट पहले

गोरखपुर: 5 महीने पहले हत्या हुए भाजपा नेता की पत्नी सपा में

गोरखपुर: 5 महीने पहले हत्या हुए भाजपा नेता की पत्नी सपा में

गोरखपुर: 5 महीने पहले हत्या हुए भाजपा नेता की पत्नी सपा में शामिल, बोलीं- अभी तक नहीं मिला न्याय *गोरखपुर/लखनऊ।* चिलुआताल थाना क्षेत्र में हुई भाजपा नेता राजकुमार चौहान की हत्या का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हत्या के करीब 5 महीने बाद उनकी पत्नी सुशीला चौहान ने समाजवादी पार्टी जॉइन कर ली है। उन्होंने लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान गोरखपुर के सपा जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि सुशीला चौहान को अभी तक न्याय नहीं मिला है, इसलिए उन्होंने सपा का दामन थामा है। उनके साथ कई अन्य लोगों ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। *17 मार्च को चाकू से गोदकर की गई थी हत्या* 17 मार्च को रोज की तरह राजकुमार चौहान की कुछ लोगों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। उनकी पत्नी सुशीला की ओर से दी गई तहरीर में पार्षद धर्मदेव चौहान पर आरोप लगाया गया था, हालांकि पुलिस की जांच में दूसरे लोग इसमें शामिल मिले थे। पुलिस को धर्मदेव की संलिप्तता नहीं मिली थी। पुलिस के खुलासे के मुताबिक यह हत्या राजकुमार के भतीजे के विवाद को लेकर हुई थी। बावजूद इसके परिवार ने न्याय न मिलने की बात कही थी। *भाजपा में अच्छी पकड़ वाले नेता थे राजकुमार* राजकुमार चौहान भाजपा के सक्रिय नेता थे। वह एक बार अपने प्रत्याशी को पार्षद का चुनाव जिताने में कामयाब रहे थे और पार्षद प्रतिनिधि के रूप में काम भी किया था। वह पनियरा सीट से विधानसभा चुनाव की तैयारी भी कर रहे थे। उन्हें राज्यसभा सदस्य व भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल और प्रदेश सरकार में मंत्री दारा सिंह चौहान का करीबी माना जाता था। हत्या की सूचना पर दोनों नेता दिल्ली से गोरखपुर आए थे और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। बाद में अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा के प्रतिनिधिमंडल ने भी स्व. राजकुमार के परिवार से मुलाकात की थी। *जिलाध्यक्ष के साथ पहुंचीं लखनऊ* सुशीला चौहान सपा जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम के साथ लखनऊ पहुंची थीं। वहां सपा प्रमुख की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने पार्टी जॉइन की। उनके साथ कई और लोगों ने भी सदस्यता ली। गोरखपुर में इस सियासी बदलाव की खूब चर्चा है।

0 likes
0 comments0 shares