ग्रामीणों के विरोध के बाद रुकी हरे आम के पेड़ की कटाई।

ग्रामीणों के विरोध के बाद रुकी हरे आम के पेड़ की कटाई। मदरिया । -------------- डड़वापार माफी चौराहे पर वन विभाग की मौजूदगी में मशीनों से काटी जा रही थीं डालियां, ग्रामीणों ने मांगी अनुमति..... डड़वापार माफी चौराहे पर रविवार को आम के हरे पेड़ की डालियां मशीनों से काटे जाने का ग्रामीणों ने विरोध कर दिया। मौके पर मौजूद वन विभाग के कर्मचारियों से ग्रामीणों ने पेड़ की कटाई की अनुमति दिखाने की मांग की। विरोध बढ़ने पर कटाई रोक दी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पेड़ के चारों ओर की हरी डालियां काटी जा रही थीं। समय रहते विरोध नहीं होता तो पूरे पेड़ को काटने की तैयारी थी। स्थानीय निवासियों के अनुसार, वन विभाग के कुछ कर्मचारी चौराहे पर पहुंचे और आम के पेड़ की डालियां काटने लगे। मौके पर मौजूद एक कर्मचारी ने खुद को वन दरोगा बताया। ग्रामीणों ने उससे पेड़ की कटाई की अनुमति दिखाने को कहा, लेकिन अनुमति नहीं दिखाई गई। कर्मचारियों ने बताया कि डालियां वन क्षेत्राधिकारी शिवजीत सिंह के आदेश पर काटी जा रही हैं। मकान की ओर झुकी डालियां काटने का दावा... वन क्षेत्राधिकारी शिवजीत सिंह ने बताया कि मकान की तरफ गई हुई डालियों को ही कटवाया गया है। आंधी के कारण आम के पेड़ की कुछ शाखाएं एक व्यक्ति के दरवाजे की ओर लटक रही थीं। इससे जान-माल के खतरे की आशंका थी। शिकायत मिलने पर खतरा पैदा कर रही शाखाओं को कटवाया गया। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि पेड़ के चारों ओर की हरी डालियां काटी गई हैं। उनका आरोप है कि क्षेत्र में पहले भी हरे पेड़ों की कटाई और लकड़ी के कारोबार को लेकर सवाल उठते रहे हैं। एक गांव में आठ आरा मशीनें संचालित होने का दावा.... इधर, गोला थाना क्षेत्र के पड़ौली बाजार में हरे पेड़ों की कथित कटाई और लकड़ी के कारोबार को लेकर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि एक ही गांव में करीब आठ आरा मशीनें संचालित हैं, जहां दिन-रात लकड़ी की चिराई होती है। आरोप है कि आसपास के क्षेत्रों से काटी गई लकड़ी यहां लाकर चिराई जाती है। ग्रामीणों के मुताबिक, गोला-कौड़ीराम मार्ग के किनारे करीब एक किलोमीटर से अधिक दूरी तक लकड़ी के ढेर लगाए जाते हैं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ हादसे का खतरा भी बना रहता है। लकड़ी माफियाओं ने किया था वन विभाग की टीम पर हमला... वन विभाग की टीम ने बीते दिनों गोला थाना क्षेत्र के देवारीबारी गांव में लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी थी। वन विभाग की तहरीर के अनुसार, लकड़ी का परमिट मांगने पर चार लोगों ने टीम के साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के सहयोग से लकड़ी और ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की गई। मामले में चार आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 132, 352, 351(3) तथा वृक्ष संरक्षण अधिनियम-1976 की धारा 4 व 10 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे रतन प्रकाश दूबे... भाजपा नेता रतन प्रकाश दूबे ने कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रहे कथित अवैध पेड़ कटान और लकड़ी की चिराई को लेकर मुख्यमंत्री से शिकायत की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रदेश सरकार बड़े पैमाने पर पौधारोपण करा रही है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में हरे पेड़ों की कटाई और चिराई की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।