बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ी सर्जरी: वर्षों से जमे 118 BEO सहित
बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ी सर्जरी: वर्षों से जमे 118 BEO सहित 488 कर्मियों के तबादले पारदर्शिता लाने के लिए चली तबादला एक्सप्रेस, एक ही सीट पर जमे क्लर्क से लेकर अधिकारियों तक का हुआ ट्रांसफर *लखनऊ।* उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग में लंबे समय बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। विभाग में वर्षों से एक ही जिले और एक ही सीट पर जमे कर्मियों को इधर से उधर कर दिया गया है। इस कड़ी में 118 खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) सहित कुल 488 कर्मियों का तबादला किया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव लाल मणि यादव की ओर से 118 बीईओ की तबादला सूची जारी की गई है। सूची में शामिल कई बीईओ ऐसे हैं जो कई वर्षों से एक ही जिले में तैनात थे, जिस कारण विभागीय कार्यों में पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे थे। *किनका हुआ तबादला?* केवल बीईओ ही नहीं, बल्कि बेसिक शिक्षा कार्यालयों में तैनात अन्य कर्मियों पर भी गाज गिरी है। तबादला सूची में - - 2 उर्दू अनुवादक - 18 आशुलिपिक - 3 प्रशासनिक अधिकारी - 19 प्रधान सहायक - 162 कनिष्ठ सहायक - 166 वरिष्ठ सहायक शामिल हैं। एक साथ इतनी बड़ी संख्या में कर्मियों के तबादले से विभाग में खलबली मच गई है। *तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश* विभाग ने सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को सख्त निर्देश दिए हैं कि स्थानांतरित कर्मियों को तत्काल कार्यमुक्त कर उनके नए तैनाती स्थल के लिए रवाना किया जाए और शासन को इसकी सूचना दी जाए। शासन का मानना है कि जिलों के कार्यालयों में पारदर्शी ढंग से कार्य हो और स्थानांतरण नीति का सख्ती से पालन हो, इसी उद्देश्य से यह बड़ी कार्रवाई की गई है।