मोहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न, शांति एवं सौहार्द बनाए

मोहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक संपन्न, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील संवाददाता भोला गौड़की रिपोर्ट बेलघाट, गोरखपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना बेलघाट परिसर में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी संदीप यादव ने की। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, ताजिया कमेटी के पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लेकर अपने सुझाव रखे। बैठक में प्रशासन द्वारा मोहर्रम पर्व को लेकर जारी दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने कहा कि सभी ताजिया जुलूस, मजलिस एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम शासन और प्रशासन की गाइडलाइन के अनुरूप ही आयोजित किए जाएं। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जुलूस मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं भड़काऊ पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई। बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन द्वारा बताए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया तथा मोहर्रम पर्व को आपसी सद्भाव, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार यादव, उपनिरीक्षक संजीव कुमार, महिला कांस्टेबल सहित थाना बेलघाट के पुलिसकर्मी एवं अन्य पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे। बैठक का समापन आपसी सहयोग, सामाजिक समरसता और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।