खजनी में युवक की मौत पर सपा ने उठाए सवाल, प्रदेश अध्यक्ष

खजनी में युवक की मौत पर सपा ने उठाए सवाल, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल बोले- 2027 संविधान बचाने का चुनाव *गोरखपुर।* खजनी थाना क्षेत्र के रुद्रपुर खजनी निवासी 42 वर्षीय अर्जुन यादव के निधन की सूचना पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम और सांसद लक्ष्मीकांत पप्पू निषाद समेत कई नेता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। नेताओं ने परिजनों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। सांसद पप्पू निषाद ने आर्थिक मदद भी की। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस की पिटाई के कारण अर्जुन यादव की मौत हुई है। इसके बाद खजनी विधानसभा क्षेत्र के महादेवा बाजार में आयोजित पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष सुनील यादव की अध्यक्षता और जिला महासचिव रामनाथ यादव के संचालन में हुए सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। श्यामलाल पाल ने कहा कि भाजपा राज में अन्याय-अत्याचार बढ़ रहा है, कानून व्यवस्था ध्वस्त है और अपराधी बेखौफ हैं। भाजपा का जीरो टॉलरेंस का दावा झूठा है। पुलिस अपराध रोकने के बजाय राजनीतिक विरोधियों को परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का 'सबका साथ, सबका विकास' का नारा झूठा है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा, किसान ठगा महसूस कर रहा है, खाद-बीज-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। सरकार गरीबों के बच्चों को शिक्षा से वंचित करना चाहती है। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से 2027 के चुनाव में एकजुट होकर सपा प्रत्याशी को जिताने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अल्ताफ अंसारी, प्रहलाद यादव, नगीना प्रसाद साहनी, रुपावती बेलदार, जयराम यादव, अजय कन्नौजिया समेत खजनी विधानसभा के जोन, सेक्टर और बूथ प्रभारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।