गगहा में खूनी वारदात: गोली लगने से किन्नर बिजली के पति की मौत, बिजली गंभीर रूप से घायल; 16 नामजद समेत अज्ञात पर मुकदमा

गगहा, गोरखपुर। बांसगांव संदेश।गोरखपुर जनपद के गगहा थाना क्षेत्र में बीती रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात में गोली लगने से किन्नर बिजली के पति की मौत हो गई, जबकि बिजली भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल बिजली को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद किन्नर समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। गुरुवार सुबह अलग-अलग क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में किन्नर गगहा थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध जताया। 16 नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज पुलिस के अनुसार, बिजली किन्नर की शिकायत पर 16 नामजद आरोपियों सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाने के साथ ही संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। मुस्कान किन्नर ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल थाने पहुंची किन्नर मुस्कान ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पूर्व में हुई घटनाओं को यदि पुलिस ने गंभीरता से लिया होता और समय रहते कार्रवाई की होती तो शायद बिजली के साथ यह घटना नहीं होती। उन्होंने मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव और किन्नर समाज में नाराजगी का माहौल है।