250 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगने से कस्बेवासियों ने ली राहत की सांस

बड़हलगंज। कस्बे में लगातार बढ़ रहे विद्युत लोड और ओवरलोडिंग की समस्या को देखते हुए कालीचौरा मोहल्ले में 250 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया। इसका उद्घाटन चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने किया। नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से कई मोहल्लों के विद्युत भार का विभाजन होगा, जिससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है। चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने बताया कि पुराने टाउन एरिया कार्यालय परिसर में पहले एक ही 250 केवीए के ट्रांसफार्मर से नौशहरा, कालीचौरा, महादेवा और चौधराना मोहल्ले के कई सौ घरों को बिजली आपूर्ति की जाती थी। उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या और विद्युत उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल से ट्रांसफार्मर पर लगातार अतिरिक्त भार पड़ रहा था। इसके चलते आए दिन ट्रिपिंग और बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या बनी रहती थी। उन्होंने बताया कि कालीचौरा में नया 250 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित होने से पुराने ट्रांसफार्मर का भार कम होगा और विद्युत लोड का संतुलन बेहतर तरीके से किया जा सकेगा। इससे नौशहरा, कालीचौरा, महादेवा और चौधराना सहित आसपास के मोहल्लों के उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है। विद्युत विभाग के जेई धनंजय सिंह ने बताया कि नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से ओवरलोडिंग की समस्या कम होगी। इससे विद्युत आपूर्ति को अधिक व्यवस्थित और सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। गर्मी के मौसम में बढ़ने वाले विद्युत लोड को देखते हुए यह व्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए काफी राहत देने वाली है। स्थानीय लोगों तैय्यब, अखिलेश मिश्र, अनिल वर्मा, चेयरमैन प्रतिनिधि के बड़े भाई वृजेश उमर और सभासद दीपक शर्मा ने बताया कि पहले ट्रांसफार्मर पर अधिक भार होने के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होती थी। कई बार लंबे समय तक बिजली न आने से घरेलू कामकाज के साथ ही कारोबार भी प्रभावित होता था। नए ट्रांसफार्मर के लगने से लोगों को अब बेहतर और सुचारु बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। स्थानीय नागरिकों ने नई विद्युत व्यवस्था के लिए चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर, नगर पंचायत और विद्युत विभाग का आभार जताया। लोगों ने कहा कि कस्बे की अन्य विद्युत समस्याओं का भी इसी तरह प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके। इस दौरान विपिन उर्फ मंटू शाही, संजय पटवा, निवास सोनी, रवि साहनी, लल्लू शर्मा, प्रकांत, जुगुनू जायसवाल, मो. राजन, विकास गौड़, हिमांशु गौड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।