*लापरवाही की टंकी: कहीं गेट खुला, कहीं सप्लाई ठप—बच्चों की जान पर

*लापरवाही की टंकी: कहीं गेट खुला, कहीं सप्लाई ठप—बच्चों की जान पर मंडरा रहा खतरा* गोरखपुर जनपद के सिकरीगंज क्षेत्र अंतर्गत इमलीडीहखुर्द गांव में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी इन दिनों गंभीर लापरवाही का उदाहरण बनी हुई है। टंकी का गेट अक्सर खुला रहता है, जिससे गांव के बच्चे कबूतर पकड़ने के लालच में सीढ़ियों के रास्ते आसानी से ऊपर तक चढ़ जाते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि टंकी बने लगभग चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन आज तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। करोड़ों की लागत से बनी यह टंकी शोपीस बनकर रह गई है, जबकि सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। वहीं सिकरीगंज में बनी दूसरी पानी की टंकी की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। यहां पानी की सप्लाई कभी-कभार ही चालू की जाती है। ग्रामीणों के अनुसार, रखरखाव के लिए एक व्यक्ति की नियुक्ति भी की गई है, लेकिन इसके बावजूद लापरवाही साफ नजर आती है। मुख्य गेट बंद रहता है, जबकि छोटा गेट खुला होने के कारण बच्चे आसानी से अंदर आ-जा रहे हैं, जो खतरे को दावत दे रहा है। इसके अलावा पास के सटे गांव हरपुर में पानी की टंकी की सप्लाई तो चालू है, लेकिन वहां भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। मुख्य गेट पर ताला लगा रहता है, परंतु चारदीवारी छोटी होने के कारण बच्चे उसे फांदकर अंदर घुस जाते हैं और खेलते नजर आते हैं। तीनों स्थानों पर जल जीवन मिशन की टंकियों की यह स्थिति न सिर्फ योजनाओं की सच्चाई उजागर करती है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पानी की सप्लाई नियमित की जाए और टंकियों की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।