नवमी पर सिकरीगंज में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, तीन वर्षों से मित्र मंडली करा रही भव्य भंडारा

नवमी पर सिकरीगंज में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, तीन वर्षों से मित्र मंडली करा रही भव्य भंडारा सिकरीगंज/गोरखपुर। शारदीय नवरात्र के नौवें दिन नवमी पर सिकरीगंज क्षेत्र में मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में भक्तों का तांता लगा रहा। वहीं, सिकरीगंज में बेचन जायसवाल एंड संस के सामने श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें नवरात्र के मेले में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में मौजूद आशुतोष जायसवाल ने बताया कि वह अपने मित्रों के साथ मिलकर पिछले तीन वर्षों से शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर इस भंडारे का आयोजन करते आ रहे हैं। इसमें अविनाश जायसवाल, आकाश जायसवाल, हर्ष कसौधन, अखिलेश मौर्य, आदित्य जायसवाल, अमन जायसवाल सहित पूरी मित्र मंडली सहयोग करती है। सभी मित्र मिलकर मां दुर्गा के भक्तों की सेवा के उद्देश्य से भंडारे की व्यवस्था करते हैं, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को निःशुल्क भोजन मिल सके। वहीं, भंडारे में भोजन तैयार करने वाले करन मिश्रा ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से वह सभी लोग मिलकर मां के भक्तों के लिए निःशुल्क भोजन तैयार करते हैं। मां दुर्गा के प्रति आस्था और सेवा भाव से आयोजित इस भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। नवमी के अवसर पर दुर्गा पूजा पंडालों में उमड़ी भीड़ और भंडारे में श्रद्धालुओं की भागीदारी से सिकरीगंज का माहौल भक्तिमय बना रहा। आयोजन के माध्यम से मित्र मंडली ने सेवा और सहयोग की भावना का संदेश दिया।