मोहर्रम को लेकर चिलुआताल थाने पर पीस कमेटी की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन

मोहर्रम को लेकर चिलुआताल थाने पर पीस कमेटी की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन के दिए निर्देश नई परंपरा पर रहेगी रोक, पारंपरिक मार्गों से ही निकलेगा जुलूस—एसडीएम सदर दीपक गुप्ता गोरखपुर। मोहर्रम पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से चिलुआताल थाने पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने की। इसमें पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक और शांति समिति के सदस्य शामिल हुए। बैठक में एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने निर्देश दिया कि मोहर्रम के दौरान किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। जुलूस केवल निर्धारित और पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जुलूस के दौरान अस्त्र-शस्त्र, धारदार हथियार या किसी भी आपत्तिजनक सामग्री के प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुसार करने की बात कही। एसडीएम ने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बैठक में सीओ कैम्पियरगंज अनुराग सिंह ने कहा कि मोहर्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष चिलुआताल सूरज सिंह ने क्षेत्रवासियों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। बैठक के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और जुलूस मार्गों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। संबंधित विभागों को समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर चौकी प्रभारी मजनू, फर्टिलाइजर और बरगदवा सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।