झोपड़ी में लगी आग, गृहस्थी का सामान जलकर राख। मदरिया । -----------------
झोपड़ी में लगी आग, गृहस्थी का सामान जलकर राख। मदरिया । ----------------- पुरानी रंजिश में आग लगाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी.... गोला क्षेत्र के डड़िया गांव में रविवार रात अज्ञात कारणों से एक झोपड़ी में आग लग गई। आग की चपेट में आने से झोपड़ी में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। पीड़िता ने गांव के ही चार लोगों पर पुरानी रंजिश को लेकर झोपड़ी में आग लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। सोमवार को डड़िया निवासी रागनी पत्नी अशोक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के अभिषेक, विवेक, विजय पुत्रगण राधेश्याम और राधेश्याम पुत्र बलिराम से पुरानी रंजिश चल रही है। आरोप है कि उक्त लोग आए दिन गाली-गलौज करते हुए परिणाम भुगतने की धमकी देते हैं। रागनी का आरोप है कि रविवार रात उक्त लोगों ने उनकी झोपड़ी में आग लगा दी। आग से झोपड़ी में रखी दो साइकिल, दो बकरियां, दो कुंतल गेहूं, एक कुंतल चावल और 10 हजार रुपये नकद समेत अन्य गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। पीड़िता ने आरोपितों से जान-माल का खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार और आरोपित पक्ष के बीच पूर्व में भी विवाद हो चुका है। अगस्त माह में पीड़ित परिवार की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी मामले में बीते बुधवार को छेड़छाड़ की पीड़िता का न्यायालय में बयान भी दर्ज होना था। थाना प्रभारी सीपी पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।