सोनभद्र में 2.75 करोड़ की हेरोइन बरामद, तस्करी गिरोह का भंडाफोड़

सोनभद्र में 2.75 करोड़ की हेरोइन बरामद, तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ लखनऊ से हेरोइन लाकर सोनभद्र में सप्लाई करने वाले गिरोह के छह सदस्य गिरफ्तार, थार-क्रेटा समेत अन्य सामान बरामद चोपन, सोनभद्र। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चोपन पुलिस, चौकी डाला और एसओजी की संयुक्त टीम ने लखनऊ से हेरोइन लाकर सोनभद्र के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करने वाले कथित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1 किलो 204 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 40 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को बसकटवा रेलवे ब्रिज के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रॉबर्ट्सगंज की ओर से दो वाहनों में हेरोइन तस्कर मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर क्रेटा और थार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान थार से 696 ग्राम और क्रेटा से 508 ग्राम, कुल 1 किलो 204 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके साथ छह मोबाइल फोन और 1,550 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर एमबी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 34 लाख रुपये बताई गई है। लखनऊ से खरीदकर अनपरा-ओबरा में सप्लाई की थी योजना पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे आपस में पैसा लगाकर लखनऊ से हेरोइन खरीदते थे और सोनभद्र के अलग-अलग क्षेत्रों में फुटकर बिक्री करवाते थे। बरामद खेप को अनपरा और ओबरा क्षेत्र में खपाने की योजना थी। पूछताछ में सामने आए एक अन्य आरोपी दीपक साहू को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिस पर अनपरा क्षेत्र में फुटकर हेरोइन बेचने का आरोप है। कई आरोपियों पर पहले से मुकदमे गिरफ्तार आरोपियों में सुधीर कुमार उर्फ छोटू और सूरज उर्फ अभिषेक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज बताए गए हैं। वहीं अन्य आरोपियों के खिलाफ भी पूर्व में विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 319/2026, धारा 8/21/27A/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आए अन्य संदिग्धों और तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 75 लाख रुपये बताई गई है। सोनभद्र पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।