डीएम ने जनता दर्शन में 80 वर्षीय वृद्धा की शिकायत का तत्काल किया समाधान

देवरिया, 07 जुलाई। जनता दर्शन में पहुंची 80 वर्षीय असहाय वृद्ध महिला की समस्या पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर पंचायत बैतालपुर के विशुनपुर आजाद नगर निवासी मराछी देवी ने जनता दर्शन में पहुंचकर वृद्धावस्था पेंशन न मिलने और राशन कार्ड न होने की समस्या बताई। उन्होंने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए शीघ्र सहायता की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल बुलाकर वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित सभी बाधाओं को जल्द दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक आय प्रमाण पत्र एवं अन्य जरूरी अभिलेख तैयार कराने को भी कहा। जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार सदर ने उसी दिन आय प्रमाण पत्र जारी कराने की प्रक्रिया पूरी कराई। वहीं, राशन कार्ड बनवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी की त्वरित पहल से वृद्ध महिला की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया तत्काल शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उनकी संवेदनशीलता और तत्परता की सराहना की, जबकि मराछी देवी ने भी जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया।