Bansgaon Sandesh
Login
P
Deoria४१ मिनट पहले

स्वयं सहायता समूह से मिला 50 हजार का ऋण, सिलाई व्यवसाय से 350 महिलाओं को दिया प्रशिक्षण।

स्वयं सहायता समूह से मिला 50 हजार का ऋण, सिलाई व्यवसाय से 350 महिलाओं को दिया प्रशिक्षण।

स्वयं सहायता समूह से मिला 50 हजार का ऋण, सिलाई व्यवसाय से 350 महिलाओं को दिया प्रशिक्षण। देवरिया 09 अक्टूबर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई राह बना रही हैं। इसकी मिसाल देवरिया के ग्राम शामपुर टीला टाली, ब्लॉक देसही देवरिया की निवासी वंदना मिश्रा हैं। अम्बे महिला आजीविका स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष वंदना ने समूह से मिले आर्थिक सहयोग के जरिए सिलाई व्यवसाय शुरू किया और आज अपने काम से अन्य महिलाओं को भी रोजगार एवं प्रशिक्षण दे रही हैं। वंदना मिश्रा ने बताया कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से उन्हें 50 हजार रुपये का ऋण मिला था। इस धनराशि से उन्होंने सिलाई मशीन, कच्चा माल और व्यवसाय शुरू करने के लिए जरूरी सामान खरीदा। शुरुआती सहयोग से उन्होंने अपने सिलाई व्यवसाय को आगे बढ़ाया और धीरे-धीरे इसे आजीविका का मजबूत माध्यम बनाया। वह ‘संगीता पूर्वांचल सिलाई घर’ के माध्यम से कपड़े से बने विभिन्न उपयोगी उत्पाद तैयार करती हैं। इनमें बैग, स्कूल बैग, पाउच, फोल्डर, डायरी कवर, लैनयार्ड और स्क्रंची जैसे उत्पाद शामिल हैं। इसके साथ ही कपड़ों की बची हुई कतरन का पुनः उपयोग कर उपयोगी एवं पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद भी तैयार किए जाते हैं। वंदना मिश्रा के अनुसार, अब तक लगभग 350 महिलाओं को सिलाई एवं व्यवसाय से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इनमें से 67 महिलाओं ने अपना रोजगार शुरू किया है। उनके व्यवसाय से 21 महिलाओं की आजीविका प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई है। इस पहल से महिलाओं को हुनर सीखने, रोजगार शुरू करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। वंदना मिश्रा ने बताया कि अपने व्यवसाय के माध्यम से वह सालाना लगभग 8 से 10 लाख रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। स्वयं सहायता समूह से मिले सहयोग ने उन्हें उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दिया। वह महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ कपड़ों की कतरन का पुनः उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रही हैं। स्वयं सहायता समूह एवं उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि समूह से मिले आर्थिक सहयोग और प्रोत्साहन ने उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

1 likes
0 comments1 shares