हार्ट अटैक से दिवंगत उपनिरीक्षक राजबली यादव को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

हार्ट अटैक से दिवंगत उपनिरीक्षक राजबली यादव को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मृति स्थल पर राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई, पैतृक निवास गोरखपुर के लिए रवाना हुआ पार्थिव शरीर गाजीपुर। बांस गांव संदेश। थाना शादियाबाद में तैनात उपनिरीक्षक राजबली यादव का रविवार को हृदयाघात के कारण निधन हो गया। उनके निधन की सूचना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मृति स्थल पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।बताया गया कि उपनिरीक्षक राजबली यादव मूल रूप से जनपद गोरखपुर के निवासी थे। रविवार को अचानक हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें उपचार के लिए वाराणसी स्थित वर्धन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद उनका पार्थिव शरीर पुलिस लाइन गाजीपुर स्थित शहीद स्मृति स्थल लाया गया। यहां पुलिस अधीक्षक डाक्टर ईरज राजा गाजीपुर सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने उन्हें राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत उपनिरीक्षक के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक निवास जनपद गोरखपुर के लिए रवाना किया गया।