किसान दिवस में किसानों ने उठाई समस्याएं सीडीओ ने संबंधित अधिकारी को दिए निस्तारण के निर्देश।

किसान दिवस में किसानों ने उठाईं समस्याएं, सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश। देवरिया, 18 नवंबर। गांधी सभागार, विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों ने कृषि, सिंचाई, धान खरीद, दुग्ध भुगतान, जल निकासी एवं सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण सहित विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य ने पिछले माह आयोजित किसान दिवस में प्राप्त 12 शिकायतों के निस्तारण की अनुपालन आख्या से किसानों को अवगत कराया। इस दौरान किसानों ने जनपद की अधिकांश साधन सहकारी समितियों के जर्जर भवनों की समस्या उठाई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता को समितियों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन समितियों पर मरम्मत एवं निर्माण कार्य चल रहे हैं, उन्हें 25 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा कराकर संबंधित समितियों को हैंडओवर किया जाए। वर्ष 2022-23, 2023-24 एवं 2024-25 के दुग्ध मूल्य के बकाया भुगतान का मामला भी बैठक में उठा। इस संबंध में सामान्य प्रबंधक, पराग संघ गोरखपुर ने बताया कि कुल 6,26,461 रुपये का भुगतान लंबित है, जिसे शीघ्र ही चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में पांच से सात सप्ताह का दुग्ध मूल्य बकाया है, जिसका चालू वित्तीय वर्ष में शत-प्रतिशत भुगतान कराने का प्रयास किया जाएगा। दुग्ध समितियों के प्रतिनिधियों ने कोका कोला कंपनी द्वारा फैट के आधार पर निर्धारित किए जा रहे दुग्ध मूल्य पर आपत्ति जताते हुए कहा कि न्यूनतम 23 रुपये प्रति लीटर की दर से भुगतान होने के कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने दुग्ध का उचित मूल्य निर्धारित कराने का अनुरोध किया। भारतीय किसान यूनियन के किसान नेता विनय सिंह ने धान खरीद में किसानों के प्रति हेक्टेयर उपज मूल्यांकन बढ़ाने, पंजीकरण में आ रही समस्याओं का समाधान केंद्रों पर कराने तथा इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम पंचायत, विकासखंड एवं तहसील स्तर पर गोष्ठियां आयोजित कराने की मांग की। इस पर विपणन अधिकारी ने बताया कि पंजीकरण के दौरान संतुष्ट एवं असंतुष्ट के दो विकल्प उपलब्ध होते हैं। असंतुष्ट विकल्प पर क्लिक करने के बाद गाटा जोड़ने का विकल्प खुल जाता है, जिसके माध्यम से संबंधित विवरण दर्ज कराया जा सकता है। वीरेंद्र कुमार मौर्य ने नहरों की सिल्ट सफाई के दौरान निकाली जाने वाली उपजाऊ मिट्टी किसानों को ले जाने की अनुमति देने का अनुरोध किया। इस पर अधिशासी अभियंता, सिंचाई खंड-2 को नियमानुसार किसानों को मिट्टी ले जाने की अनुमति देने के निर्देश दिए गए। वहीं, ग्राम सिलहटा, रुद्रपुर के रामनयन यादव ने गांव में फसलों के जलमग्न होने, जल निकासी की समस्या के कारण धान की फसल गिरने तथा अस्पताल, स्कूल एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत रखी। ग्राम तेनुआ चौबे के जितेंद्र चतुर्वेदी ने अपनी एक हेक्टेयर धान की फसल खराब होने की जांच कराकर क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की। उन्होंने लेखपाल द्वारा खसरा उपलब्ध न कराने, घर बैठे पड़ताल करने तथा नक्शे में की गई त्रुटि को दूर कराने का अनुरोध किया। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत के पोखरों पर अतिक्रमण, एक पोखरे पर ग्राम प्रधान रामज्ञान द्वारा कब्जा किए जाने तथा चक नालियों पर गोबर की खाद रखकर किए जा रहे अतिक्रमण को हटवाने की मांग भी उठाई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप कृषि निदेशक, प्रभारी जिला कार्यकारी अधिकारी मत्स्य, प्रभारी अधिशासी अभियंता सिंचाई, सहायक अभियंता नलकूप, अधिशासी अभियंता विद्युत, अग्रणी जिला प्रबंधक, प्रभारी भूमि संरक्षण अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, अपर सहायक निबंधक सहकारी समितियां, सामान्य प्रबंधक दुग्ध संघ गोरखपुर, जिला समन्वयक एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा भारतीय किसान यूनियन के राघवेंद्र प्रताप शाही, अतुल मिश्रा, कौशलेश नाथ मिश्रा, इंजीनियर समशुद्दीन अंसारी, विनय सिंह, रमेश मिश्रा, जितेंद्र चतुर्वेदी, फैजुर रहमान, प्रगतिशील कृषक सत्याग्रहण सरोज, सदानंद यादव सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।